जल शक्ति विभाग ने पेयजल लाइन और लीकेज की मरम्मत की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। गर्मियों में पेयजल किल्लत से निपटने के लिए जल शक्ति विभाग ने जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र में तैयारी शुरू कर दी है। विभाग ने क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत, लीकेज बंद करने और प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया है। विभाग के अधिशासी अभियंता अजीत नेगी ने बताया कि क्षेत्र की छोटी-बड़ी पेयजल योजनाओं की जांच की जा रही है। जहां पाइपलाइन में खराबी, रिसाव या दबाव की समस्या है, वहां टीमें तुरंत मरम्मत कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से उन इलाकों पर फोकस किया जा रहा है, जहां हर वर्ष गर्मियों में पानी की किल्लत की शिकायतें अधिक आती हैं।नेगी ने जानकारी दी कि फील्ड स्टाफ को अलर्ट मोड पर रखा गया है और संवेदनशील पेयजल योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके अलावा जल स्रोतों के कैचमेंट एरिया की सफाई, टैंकों की धुलाई और मोटरों और पंपिंग मशीनरी की सर्विसिंग भी की जा रही है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे। अधिशासी अभियंता ने उपभोक्ताओं से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करें, अनावश्यक बहाव से बचें और घरों व बगीचों में पानी के भंडारण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही यदि कहीं पाइपलाइन लीकेज या आपूर्ति में बाधा दिखाई दे तो तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।