रामपुर बुशहर। लूहरी जलविद्युत परियोजना चरण-1 में सामाजिक दायित्वों के तहत एक मोबाइल एंबुलेंस का शुक्रवार को शुभारंभ किया गया। एसजेवीएन की सतलुज संजीवनी सेवा योजना के तहत मैसर्ज पिरामिल फाउंडेशन के माध्यम से एक एंबुलेंस चलाई जाएगी, जो क्षेत्र के लोगों को नि:शुल्क सुविधा प्रदान करेगी। परियोजना प्रमुख सुनील चौधरी, महाप्रबंधक, परियोजना प्रमुख ने मोबाइल एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि पैरा मेडिकल टीम में एक एमबीबीएस डॉक्टर, फार्मासिस्ट और स्टाफ नर्स लोगों के स्वास्थ्य की जांच और उपचार करेंगे। इस एंबुलेंस के माध्यम से जिला शिमला और कुल्लू के परियोजना प्रभावित पंचायतों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं घरद्वार मुहैया करवाई जा रही हैं। पहले से ही एक मोबाइल एंबुलेंस लूहरी परियोजना चरण-1 में प्रभावित पंचायतों में लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही है। लूहरी जलविद्युत परियोजना चरण-1 का कार्य जिला शिमला और जिला कुल्लू में किया जा रहा है। जिला शिमला की ग्राम पंचायत किरटी, शमाथला, भुट्टी, थानाधार, निरथ, देलठ, दत्तनगर के दूरदराज गांवों में नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, वहीं जिला कुल्लू की ग्राम पंचायत देहरा, नित्थर, गडेज, दुराह, पलेही के विभिन्न गांवों में सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इस अवसर पर अलका जायसवाल, अपर महाप्रबंधक राजेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।