संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर के विद्यार्थियों ने अंतर महाविद्यालय युवा महोत्सव ग्रुप तीन की लोकनृत्य प्रतियोगिता में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। सिद्धार्थ राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय नादौन में सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के 55 महाविद्यालयों के करीब एक हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया। ग्रुप तीन के अंतर्गत लोकनृत्य और शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश भर में रामपुर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। प्राचार्य पंकज बसोतिया ने विद्यार्थियों और कार्यक्रम प्रभारी को बधाई दी है।