ठियोग में प्रेसवार्ता करते नगर परिषद के पदाधिकारी। संवाद
कुलदीप राठौर ने अधिकारियों को सड़क, नालियों के निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग बाजार में बरसात के दौरान जलभराव और खराब ड्रेनेज सिस्टम की समस्या को देखते हुए विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कड़ा रुख अपनाया है। विधायक ने अधिकारियों के साथ बैठक की और इस समस्या पर चर्चा की। बैठक में नगर परिषद के जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। नगर परिषद ठियोग अध्यक्ष अनिल ग्रोवर, पूर्व अध्यक्ष विवेक थापर, पार्षद रविंद्र सिंह, कपिल शर्मा और बीना शर्मा ने प्रेसवार्ता में कहा कि विधायक ने बाजार क्षेत्र में नालियों को तकनीकी मानकों के अनुरूप बनाने के निर्देश दिए हैं। कई जगह जलभराव और गंदगी की समस्या बार-बार उठाई जा रही थी, जिसे दूर करने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि विधायक ने सड़क किनारे की नालियों के निर्माण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि टारिंग और नालियों के निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने एनएच-पांच पर चल रही टारिंग की गुणवत्ता को लेकर भी विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि जनता के पैसे से हो रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। विधायक ने अस्पताल तक जाने वाले मार्ग को चौड़ा करने के मुद्दे पर भी अधिकारियों से चर्चा की। इस बारे में उन्होंने आवश्यक तकनीकी सुझावों पर विचार कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रेमघाट क्षेत्र से टारिंग का कार्य तकनीकी कारणों से प्रारंभ किया गया था, जिसे अब चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। साथ ही विधायक ने ठियोग बाजार में जल निकासी के लिए कलवर्ट (पुलिया) खोलने और उसकी सफाई को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं ताकि बाजार क्षेत्र में पानी का बहाव सुचारू रहे और दुकानदारों, राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। नगर परिषद के प्रतिनिधियों ने हाल ही में गणेश पूजन को लेकर की गई कुछ टिप्पणियों को दुखद और निरर्थक बताया। उन्होंने कहा कि यह पूजन देवी-देवताओं के आशीर्वाद के लिए किया गया था और इसे विवाद का विषय बनाना अनुचित है।