रामपुर बुशहर। राजकीय प्राथमिक पाठशाला दरकाली के तीसरी कक्षा के छात्र नमन ठाकुर ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। उसने गुम हुई चांदी की पायल उसके मालिक को लौटा दी। दकनौल मेले के दौरान पायल खो गई थी। 29 जुलाई की सुबह नमन को विद्यालय परिसर में खेलते समय यह पायल मिली। नमन ने पायल विद्यालय के शारीरिक शिक्षक राजपाल ठाकुर को सौंप दी। विद्यालय प्रशासन ने पायल के मालिक की तलाश शुरू की। पता चला कि यह पायल शांता भंडारी की है। 31 जुलाई को वरिष्ठ भाषा अध्यापिका रजनी शर्मा ने शांता भंडारी के भाई जगदीश मारलू को पायल सौंप दी। विद्यालय परिवार ने नमन ठाकुर की ईमानदारी की सराहना की। उसे प्रोत्साहन के रूप में 200 रुपये प्रदान किए। विद्यालय ने घोषणा की कि आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह में नमन को विशेष सम्मान मिलेगा। वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में भी उसे सम्मानित किया जाएगा।