रिकांगपिओ ख्वांगी सड़क का उद्घाटन करते कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी। स्रोत : डीपीआरओ।
32.70 लाख की राशि से निर्मित शारबो से कागरा सड़क का भी किया उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कल्पा उपमंडल की ख्वांगी पंचायत में शारबो से कागरा सड़क का उद्घाटन किया। इस सड़क का निर्माण कार्य 32.70 लाख रुपये की लागत से हुआ है। इसके बाद मंत्री ने 2.56 करोड़ रुपये की लागत से बनी रिकांगपिओ से ख्वांगी सड़क और 12.36 लाख रुपये की राशि से निर्मित जल शक्ति विभाग प्लांट से अलटी ख्वांगी सड़क का भी उद्घाटन किया। बागवानी मंत्री ने शारबो में 16 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे हेलीपोर्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी औचक निरीक्षण किया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार पूर्ण राज्य सहित जनजातीय क्षेत्रों का समग्र विकास कर रही। हर गांव को मुख्य सड़क मार्ग से जोड़ने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। इस मौके पर राज्य सहकारी बैंक हिमाचल प्रदेश के निदेशक विक्रम सिंह नेगी, जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, पंचायत समिति कल्पा अध्यक्ष ललिता पंचारस, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दिनेश कुमार सेन और अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग अभिषेक शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।