शिक्षा मंत्री ने निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का भी किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को जुब्बल उपमंडल की ग्राम पंचायत झड़ग में 35 लाख रुपये से निर्मित पंचायत भवन और 18 लाख की राशि से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि जनता को अधिक से अधिक सुविधाएं प्रदान करने और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ व मजबूत बनने के उद्देश्य से विभिन्न भवनों का निर्माण किया जा रहा है। पंचायत भवन के निर्माण से जहां एक ओर पंचायतीराज संस्थाओं के कार्यों में और अधिक दक्षता आएगी, वहीं सामुदायिक भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक कार्यों के निर्वहन में सुविधा मिलेगी। रोहित ठाकुर ने झड़ग में 1.87 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। शिक्षा मंत्री ने झड़ग में 4 दिसंबर से शुरू होने वाले शांत महायज्ञ को लेकर अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक भी की। इस अवसर पर प्रधान ग्राम पंचायत झड़ग अशोक सारटा, बीडीसी सदस्य मनोज, ग्राम पंचायत काईना के प्रधान रुपिंदर ढालटा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक कालटा उपस्थित रहे।