भरेड़ी स्कूल में आयोजित वार्षिक समारोह में मुख्यातिथि के साथ विद्यार्थी। संवाद
भरेड़ी स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, धूमधाम से मनाया वार्षिक समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। राजकीय उच्च पाठशाला भरेड़ी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में भरेड़ी पंचायत प्रधान विपिन मेहता बतौर मुख्य अतिथि और उपप्रधान दिनेश वर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय में आयुष को हेड बॉय और सुष्मिता को हेड गर्ल चुना गया। निधि को एनएमएमएस छात्रवृत्ति उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। उज्ज्वल को अनुशासित विद्यार्थी ऑफ द ईयर और पूजा को स्टूडेंट ऑफ द ईयर के खिताब से सम्मानित किया गया। खेल गतिविधियों में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंडर-19 वर्ग में बड़ागांव स्कूल का प्रतिनिधित्व करने वाले आयुष, उज्ज्वल और अर्णव की भागीदारी को सराहा गया। अंडर-14 वर्ग में कुमारसैन स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली छात्राओं मानसी, श्रुति और आरुषि को मेडल, स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के मुख्य अध्यापक इंदु शेखर शर्मा ने मुख्यातिथि और उपस्थित लोगों के समक्ष विद्यार्थियों की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने वर्षभर विद्यालय में आयोजित शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों की उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्यक्रम विद्यार्थियों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं। मुख्य अतिथि विपिन मेहता ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए 10 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की। इस मौके पर पंचायत के समस्त प्रतिनिधियों, अभिभावकों, विद्यालयों की एसएमसी के प्रधान और सदस्य उपस्थिति रहे।