रिकांगपिओ में मॉनसून की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा करते मंत्री जगत सिंह नेगी। सं
निगुलसरी जैसे संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त मशीनरी रखने के दिए निर्देश
मंत्री जगत सिंह ने मानसून की तैयारियों का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने जनजातीय जिला किन्नौर में किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए सभी विभागों को आपसी सामंजस्य स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने त्वरित प्रतिक्रिया दल को आपात स्थिति के लिए हर समय तैयार रहने के निर्देश दिए, ताकि भू-स्खलन, बादल फटने या फिर बाढ़ जैसी आपदा के समय तुरंत राहत कार्यों को अंजाम दिया जा सके और बहुमूल्य जानों को बचाया जा सके। राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने वीरवार को आईटीडीपी भवन रिकांगपिओ में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिले में मानसून सीजन को लेकर की गई तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, ग्रेफ, आईटीबीपी, होमगार्ड, अग्निशमन, जल शक्ति विभाग, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई से बेहतर समन्वय स्थापित करने का आह्वान किया। राजस्व मंत्री ने जिला प्रशासन को निगुलसरी, पांगी नाला, पागल नाला, मलिंग नाला जैसे संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त मशीनरी एवं मजदूरों को तैनात करने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके और स्थानीय लोगों को तत्काल प्रभाव से राहत प्रदान की जा सके। उन्होंने अधिकारियों से सीधे संवाद के माध्यम से विस्तृत चर्चा की और पुलिस एवं आईटीबीपी को त्वरित प्रतिक्रिया दल को आपात स्थिति से निपटने के लिए हर समय तैयार रहने के निर्देश दिए। उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बैठक की कार्रवाई का संचालन किया और जिला प्रशासन की ओर से आपदा के लिए उठाए गए कदमों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया। इस मौके पर एसडीएम कल्पा डॉ. शशांक गुप्ता, सहायक आयुक्त विजय कुमार, उपपुलिस अधीक्षक नवीन जालटा, डीएफओ अरविंद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी, तहसीलदार मूरंग विक्रमजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।