बागवानों, ट्रक यूनियन की समस्याओं और मांगों पर होगी चर्चा
देश की विभिन्न मंडियों में सेब भेजने के रेट भी होंगे तय
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। सेब सीजन की तैयारियों को लेकर उपमंडल प्रशासन निरमंड ने कमर कसनी शुरू कर दी है। तीन जुलाई को एसडीएम मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में विशेष बैठक होगी। इसमें सीजन के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बैठक में बागवानों, ट्रक ऑपरेटर और यूनियन की समस्याओं और विभागों की ओर से की जाने वाली व्यवस्था पर चर्चा होगी। एसडीएम मनमोहन सिंह ने बताया कि बागवान, विभिन्न विभागाधिकारी, ट्रक और पिकअप यूनियन के प्रतिनिधि, फॉरवर्डिंग, एजेंट, जनप्रतिनिधि और पंचायती राज प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाएगी। बैठक में सेब सीजन और मानसून सत्र के चलते ग्रामीण दुर्गम क्षेत्रों की सड़क दुरुस्त करने, बिजली, पानी आदि की आपूर्ति सुचारु रखने, कानून और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा होगी। बैठक में लोक निर्माण विभाग, पुलिस, विद्युत विभाग और जलशक्ति विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में विभिन्न स्थानों से प्रदेश और देश की विभिन्न फल मंडियों तक सेब की पेटियों की ढुलाई के किराये तय करने और बागवानों, ट्रक यूनियन आदि के नुमाइंदों की मांगों और समस्याओं पर भी चर्चा की जाएगी।