एकलव्य आदर्श विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे उपायुक्त किन्नौर हेमराज बैरवा।
- फोटो : RAMPUR-HP
भावानगर (किन्नौर)। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने मंगलवार को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय निचार की कार्यकारी समिति की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने स्कूल भवन, छात्रावास व अन्य कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता मेें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्कूल के निर्माणाधीन परिसर का संपूर्ण कार्य वर्ष 2022 तक पूरा करने को कहा।
उपायुक्त ने विभाग के अधिकारियों को शैक्षणिक ब्लॉक का कार्य सितंबर 2021 तक पूरा करने, शैक्षणिक ब्लॉक की चौथी मंजिल फरवरी माह तक स्कूल प्रशासन को सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े और सुचारु रूप से शैक्षणिक गतिविधियां जारी रह सकें। साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं के लिए बनाए जा रहे छात्रावास के कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागाधिकारियों को निर्देश दिए कि ठेकेदार निर्धारित समय पर काम पूरा नहीं करते तो उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई अमल में लाएं। उन्होंने स्कूल परिसर में हो रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया। उपायुक्त ने विद्युत बोर्ड को विद्यालय परिसर में लाइट लगाने और आईपीएच विभाग को परिसर में मिनी ट्यूबवेल या हैंडपंप स्थापित करने की संभावना तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने जल्द औपचारिकताएं पूरा करने को कहा। बैठक में जलशक्ति विभाग के अधिकारी ने बताया कि स्कूल और स्थानीय गांव निचार के लिए सीवरेज लाइन बिछाने और ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर ली गई है।
इस मौके पर उपमंडलाधिकारी भावानगर मनमोहन सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण राहुल सूद, अधिशासी अभियंता जलशक्ति संजय, आईटीडीपी परियोजना अधिकारी विद्याधर नेगी, उपनिदेशक उच्चतर शिक्षा जोगिंद्र सिंह राव और प्रधानाचार्य गीतांजलि भूषण सहित अन्य मौजूद रहे।