कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। उपमंडल कुमारसैन के पंचायत समिति हॉल नारकंडा में वीरवार को आयोजित बैठक में आगामी समय में चलाए जाने वाले नशा विरोधी कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई। इस मौके पर एसडीएम खंडवाल ने विभिन्न विभागों की सहभागिता को लेकर दिशा-निर्देश दिए। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम कुमारसैन चेतना खंडवाल ने की।
उन्होंने बताया कि 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक उपमंडल क्षेत्र में नशा विरोधी कार्यक्रम के तहत गांव-गांव में ग्रामीणों और युवाओं को नशे के प्रति जागरूक किया जाएगा। महिला और युवक मंडल सहित आम जनता के सहयोग से लोगों को नशा निवारण के प्रति जागरूक किया जाएगा और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर भी अवगत करवाया जाएगा। स्कूलों में अध्यापक अभिभावक बैठक, पंचायतों में ग्राम सभा में बच्चों के माता पिता को नशे से ग्रस्त बच्चों के विशेष लक्षण के बारे में जानकारी प्रदान करना, युवाओं को नशीले पदार्थों को बेचने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान कर इसकी जानकारी पुलिस को उपलब्ध करवाने और स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे की कुरीति के बारे में जागरूक किया जाएगा। वहीं एसडीएम ने बर्फबारी से निपटने को भी पुख्ता इंतजाम करने के संबंधित विभागों को निर्देश दिए। वहीं इस मौके पुलिस, लोक निर्माण विभाग, एनएच प्राधिकरण और अन्य विभागों से आए अधिकारी कर्मचारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।