मंदिर समिति, पंचायत प्रतिनिधि और युवक मंडल की होगी बैठक
16 अगस्त को पांच आराध्य देवताओं की अगुवाई में चलेगा नाटियों का दौर
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। परशुराम की चार ठहरियों में शुमार डमयापुरी डंसा के मंदिर परिसर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर रविवार 9 अगस्त को बैठक होगी। मंदिर समिति के साथ नोग युवक मंडल और पंचायत प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक में आगामी रूपरेखा तैयार की जाएगी। बीते कई साल से संयुक्त रूप से 15 और 16 अगस्त को धूमधाम से सांस्कृतिक कार्यक्रम को मनाने की परंपरा चली आ रही है, जिसे आधुनिक युग में भी क्षेत्र के लोगों ने संजोये रखा है। कार्यक्रम के तहत 15 अगस्त को स्कूली बच्चों और महिला मंडलों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाते हैं। पंचायत प्रधान की ओर से सर्वप्रथम सुबह राष्ट्रीय ध्वज फहराने की परंपरा कायम है। अगले दिन 16 अगस्त को पांच देवताओं के सानिध्य में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ ढोल-नगाड़ों और रणसिंघा की धुन पर दिनभर महिलाओं और पुरुषों की ओर से पारंपरिक वेशभूषा के साथ सज-धज कर नाटी डाली जाती है। कार्यक्रम में नोगवैली के अलावा बाहरी क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग भाग लेते हैं। चार ठहरी के देवताओं में जाहरू नाग शनेरी, योगेश्वर देवता शिंगला, दोगणू लालसा, मेजबान देवता दमुख सहित जाख देवता रचोली शिरकत करते हैं। परशुराम मंदिर समिति प्रधान खेल चंद नेगी और महासचिव जीएल डमालू ने बताया कि रविवार को आयोजित संयुक्त बैठक में आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जाएगी।