रामपुर बुशहर। लोक भवन शिमला में सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षक प्रशिक्षण एवं स्नातकोत्तर कॉलेज के संस्थापक शिक्षाविद डाॅ. मुकेश शर्मा ने राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। डॉ. शर्मा ने रामपुर और दलाश क्षेत्र की समस्याओं को राज्यपाल के सामने रखा। उन्होंने समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। राज्यपाल ने संस्थान की ओर से शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में व्यावसायिक शिक्षा केंद्र खोलने की पहल को विशेष रूप से सराहनीय बताया। डॉ. मुकेश शर्मा और टीम ने कविंद्र गुप्ता को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल का पदभार संभालने पर बधाई दी। इस मौके पर राधे-राधे वेटरनरी फार्मासिस्ट संस्थान की निदेशक एवं समाजसेवी सरोज शर्मा, उद्धव शर्मा और हेमराज सिद्धू मौजूद रहे।