रामपुर बुशहर। मझगांव में लक्ष्मीनारायण झांगरू देवता के नवनिर्मित भव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में किन्नौर जिले के रूपी क्षेत्र से महादेव टेरस नारायण भी पधारे, जिनके साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। देवलुओं ने पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह से भेंट कर निर्माणाधीन महादेव टेरस नारायण मंदिर और नारायण मंदिर की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इन मंदिरों के निर्माण में भाषा एवं संस्कृति विभाग, पर्यटन विभाग और स्थानीय जनता के सहयोग से अब तक करीब 1.50 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जबकि कार्य पूर्ण करने के लिए अभी एक करोड़ रुपये की आवश्यकता है। देवलुओं ने कहा कि यह निर्माण केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्र की प्राचीन देव परंपरा, आस्था और लोक संस्कृति के संरक्षण का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने प्रतिभा सिंह से इस पवित्र कार्य में सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र की धार्मिक धरोहर सहेजी जा सके। इस मौके पर मोतमीन करतार नेगी, रमेश नेगी, राज कुमार, बीरबल नेगी, कपिल नेगी, चनेल सिंह, किशोर कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।