बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने किया बुरचे का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ(किन्नौर)। प्रसिद्ध पर्यटक स्थल कल्पा कंडे के बुरचे में जल्द मेडिटेशन सेंटर का निर्माण किया जाएगा, ताकि वहां के लोगों को मेडिटेशन सेंटर का लाभ मिल सके। इस संबंध में शनिवार को राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बुरचे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि जल्द से जल्द कल्पा कंडे के बुरचे में मेडिटेशन सेंटर खोलने के लिए बेहतरीन नक्शा बनाकर इस कार्य में तेजी लाएं। मेडिटेशन सेंटर से किन्नौर जिले के लोगों के अलावा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी फायदा होगा। जहां पर मेडिटेशन सेंटर बनाना है वहां तक सड़क का निर्माण भी किया जाएगा, ताकि गर्मियों के समय में कल्पा सहित जिले के लोगों को मेडिटेशन करने का मौका मिल सके।
गौरतलब है कि कल्पा पर्यटन की दृष्टि से पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। यहां हर साल सैकड़ोंं पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने आते हैं। वहीं कल्पा कंडे में मेडिटेशन सेंटर बनने से क्षेत्र के लोगों के अलावा पर्यटकों को भी फायदा मिलेगा।