रामपुर बुशहर। कोविड, टीबी, कुष्ठ और गैर संचारी रोग की जांच के लिए अब घर-घर जाकर सर्वे किया जाएगा। हिम सुरक्षा अभियान के तहत आशा वर्कर और हेल्थ वर्कर घर-घर दस्तक देकर मरीजों की नब्ज टटोलेंगे। इसी कड़ी में सोमवार को रामपुर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से हिम सुरक्षा अभियान का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें खंड चिकित्सा अधिकारी रामपुर डॉ. राकेश नेगी ने चिकित्सकों, आशा और हेल्थ वर्करों को हिम सुरक्षा अभियान के तहत प्रशिक्षित किया।
स्वास्थ्य शिक्षिका खंड रामपुर चंद्रप्रभा जेल्टा ने कहा कि हिम सुरक्षा अभियान के संदर्भ में आयोजित बैठक में चार बीमारियों टीबी, कुष्ठ रोग, गैर संचारी रोग सहित कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम को लेकर सर्वे करने के बारे में चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि हिम सुरक्षा अभियान 25 से 27 दिसंबर तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता और हेल्थ वर्कर घर-घर जाकर टीबी, कुष्ठ गैर संचारी रोग और कोविड-19 के बारे में सर्वे करेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत पूरी जनसंख्या को कवर किया जाना है। बैठक में डॉ. भारती आजाद, योगराज, संदेश नेगी, गुलशन और संतोष कपाटिया के अलावा कई अन्य लोग उपस्थित रहे।