हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग निर्माण में शहीद हुए 150 मजदूरों की याद में बनाया गया है स्मारक
लंबे समय से स्मारक की हालत दयनीय
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। नेशनल हाईवे पांच पर स्थित मजदूर शहीद स्मारक का तीन लाख रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किया जाएगा। यह स्मारक 1960 के दशक में हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग निर्माण में शहीद हुए करीब 150 मजदूरों की याद में बनाया गया था। स्मारक की मरम्मत के लिए निविदा जारी हो चुकी है, जिसमें प्लास्टर और रंग-रोगन का कार्य शामिल है।
लंबे समय से इस स्मारक की स्थिति दयनीय बनी हुई है। स्मारक स्तंभ के साथ ही मेमोरियल पार्क की हालत भी खराब है। ग्राम पंचायत ज्यूरी ने स्मारक के रखरखाव और पार्क के सौदर्यीकरण के लिए लगातार मांग की। पंचायत ने नेशनल हाईवे, स्थानीय प्रशासन और प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री से भी गुहार लगाई थी। 1960 के दशक में हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग के निर्माण के दौरान लगभग 150 मजदूरों ने अपनी जान गंवाई थी। उनकी स्मृति में बना यह स्मारक और इससे जुड़ा मेमोरियल पार्क लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहा है। ज्यूरी पंचायत की प्रधान राजकांता ने सरकार से स्मारक के लिए एक व्यापक योजना बनाने का आग्रह किया था।
नेशनल हाईवे सब डिवीजन ज्यूरी के सहायक अभियंता करतार शर्मा ने बताया कि तीन लाख रुपये की निविदा जारी होने के बाद जल्द ही प्लास्टर और रंग-रोगन का काम शुरू होगा। नेशनल हाईवे डिवीजन रामपुर के अधिशासी अभियंता किशोरी लाल सुमन ने शहीद स्मारक की रूपरेखा नहीं बदलने की बात कही। उन्होंने भविष्य में इसे और बेहतर बनाने तथा पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए नए प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन दिया।