प्रभावित परिवारों को किया सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट
विज्ञापन
छनौट नाले में उफान पर आने से सड़क किनारे खड़ी कार बही
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। आनी उपमंडल में शुक्रवार सुबह बारिश आफत के रूप में बरसी। बारिश से कई परिवार बेघर हो गए और कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। उपमंडल की बुछैर पंचायत के खादवी गांव में कई घर मलबे की चपेट में आए हैं। बुछैर पंचायत की प्रधान चंद्रा ठाकुर ने बताया कि जोगिंद्र पाल, चंद्र पाल और कमलेश के मकानों को क्षति पहुंची है। इनके घरों को खाली करवा कर परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर निकलने के निर्देश दिए हैं। इसी पंचायत के सरट गांव में भी कई मकानों पर भूस्खलन का खतरा मंडराया हुआ है। पंचायत प्रधान ने बताया कि प्रभावित परिवारों को क्षेत्र के ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित स्थानों में शिफ्ट कर दिया गया है। जाबन क्षेत्र में छनौट नाले के उफान में आने से सड़क किनारे खड़ी एक कार बह गई है। बारिश से नेशनल हाईवे-305 पर आनी-लूहरी मार्ग निमला में और आनी-कुल्लू मार्ग फरेडनाला समेत कई स्थानों पर यातायात के लिए ठप हो गया है। आनी-लूहरी के बीच यातायात को बहाल कर दिया गया है, जबकि आनी-कुल्लू के बीच एनएच के बहाली का कार्य चला हुआ है। इसके अलावा आनी से चवाई, आनी से तराला सड़क गुगरा में बाढ़ से बाधित है, जबकि आनी-बश्ता, कोठी, करशेईगाड सहित अनेक ग्रामीण सड़कें भी अवरुद्ध हो गई हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेट ने बताया कि बुछैर पंचायत में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। पंचायत प्रधान से संपर्क कर प्रभावित परिवारों की उचित व्यवस्था के निर्देश दे दिए गए हैं।
बुछैर पंचायत के खादवी गांव में भारी बारिश की भेंट चढ़ा मकान । संवाद
बुछैर पंचायत के खादवी गांव में भारी बारिश की भेंट चढ़ा मकान । संवाद