अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय (पोक्सो) रामपुर का फैसला
दोषी को सात हजार रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया
पोक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर स्थित अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय (पोक्सो) किन्नौर ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी को दोषी करार देते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने दोषी पर सात हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
मामले के अनुसार 21 जून 2025 को पीड़िता स्कूल के लिए घर से निकली थी, लेकिन समय पर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने जब स्कूल में पूछताछ की तो पता चला कि वह उस दिन स्कूल पहुंची ही नहीं थी। इसके बाद उसकी मां उसे ढूंढते हुए बाजार पहुंची। वह बस अड्डे पर मिली।
पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि आरोपी प्रवीण, पुत्र कपिल देव, निवासी जिला कुल्लू उसे अपने क्वार्टर में ले गया था, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद पीड़िता की मां की शिकायत पर पोक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच पूरी करने के बाद मामला अदालत में पेश किया। सुनवाई के दौरान 17 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई। सरकार की ओर से मामले की पैरवी उप जिला न्यायवादी कमल चंदेल ने की।