जार पंचायत में भी तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में खौफ
वन विभाग ने सुबह-शाम घर से बाहर न निकलने दी हिदायत
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। रामपुर के बाद अब कुमारसैन क्षेत्र में तेंदुए की दहशत है। सोमवार को क्षेत्र की कचीनघाटी-ओडी सड़क पर एक व्यक्ति पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हालांकि, इस हमले में व्यक्ति अधिक जख्मी नहीं हुआ। वहीं, मंगलवार को जार पंचायत में तेंदुए को घुमते हुए देखा गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। वहीं, वन विभाग ने अधिसूचना जारी कर लोगों को सावधानी बरतने की हिदायत दी है। उपमंडल कुमारसैन की कचीनघाटी-ओडी सड़क पर मशीनखड्ड के पास मंगलवार को तेंदुए ने एक व्यक्ति पर हमला किया। करेवथी पंचायत के शैला गांव निवासी रंजीत पुत्र तेजा सिंह सुबह के समय सैर पर निकले थे। इस दौरान अचानक तेंदुए ने हमला किया और वह हमले से जख्मी हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारसैन में उपचार के बाद उन्हें घर भेजा गया है। इस घटना के बाद मंगलवार को जार पंचायत के गांव लाठी के पास ग्रामीणों ने तेंदुए को घूमते हुए देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पिंजरे स्थापित कर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। वन परिक्षेत्र अधिकारी कुमारसैन अरुण कुमार शर्मा ने ग्रामीणों से सुरक्षा के लिहाज से सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सुबह और शाम के समय अकेले बाहर न निकलें। रात में घर के बाहर प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था रखें। किसी भी प्रकार की जंगली जानवर की गतिविधि दिखने पर तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।