नेरवा (रोहड़ू)। नेरवा के गुरार गांव में गाड़ी धोते समय पैर फिसलने से एक व्यक्ति गिर गया। सिर सीमेंट के फर्श से टकराने से उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार प्रेम प्रकाश कुमार (50) निवासी गांव गुरार डाकघर थरोच अपने घर के बाहर गाड़ी धो रहे थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से पैर फिसल गया। सिर के बल पीछे की ओर सीमेंट के फर्श पर जा गिरे। सिर पर गंभीर चोट लगी और बेहोश हो गए। बेटे चिराग ने स्थानीय निवासी संजीव कुमार की मदद से गाड़ी में सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नेरवा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।