रामपुर बुशहर।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के निर्देशानुसार प्रत्येक एलपीजी उपभोक्ता के लिए हर पांच साल में एक बार घरेलू गैस कनेक्शन की अनिवार्य सुरक्षा जांच करवाना जरूरी है। जांच के लिए मेकेनिक घर पहुंचेगा और गैस सिलिंडर, रेगुलेटर, सुरक्षा पाइप, चूल्हे सहित गैस लीकेज से जुड़े सुरक्षा पहलुओं का निरीक्षण करेगा। रामपुर के डकोलढ़ स्थित गैस एजेंसी के संचालक रिशव गर्ग ने उपभोक्ताओं से आह्वान किया है कि वे अपने गैस कनेक्शन की सुरक्षा जांच समय पर अवश्य करवाएं। उन्होंने कहा कि एलपीजी अत्यधिक ज्वलनशील होती है और समय के साथ गैस स्टोव, रेगुलेटर, सुरक्षा रबड़ ट्यूब और अन्य उपकरणों में खराबी आने की संभावना रहती है। कई बार बाहर से सब कुछ सामान्य दिखाई देने के बावजूद पाइप में बारीक दरार, जॉइंट ढीला होने अथवा हल्की गैस लीकेज जैसी समस्या दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं की सुरक्षा जांच लंबित है, उनके घर जल्द ही एजेंसी का अधिकृत मैकेनिक निरीक्षण के लिए पहुंचेगा। जांच के दौरान गैस सिलिंडर, रेगुलेटर, सुरक्षा पाइप, चूल्हे और सभी जॉइंट्स सहित गैस लीकेज से जुड़े सुरक्षा पहलुओं का निरीक्षण किया जाता है। उन्होंने बताया कि एलपीजी की अनिवार्य सुरक्षा जांच के लिए 236 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।