पल्स पोलियो अभियान आज सुबह 9:00 से शाम 5:00 बजे तक चलेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। सभी अभिभावक 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान में बढ़चढ़ कर भाग लें। 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को अपने नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं। खंड चिकित्सा अधिकारी कुमारसैन डॉ. अंकुश ठाकुर ने जारी बयान में यह बात कही।
उन्होंने बताया कि पोलियो की दवा पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और निशुल्क है। यदि किसी बच्चे ने पहले भी पोलियो की सभी निर्धारित खुराक ली हैं, तब भी इस विशेष अभियान के दौरान उसे दोबारा दवा अवश्य पिलाई जानी चाहिए। प्रत्येक अतिरिक्त खुराक बच्चे को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से और अधिक सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही पोलियो-मुक्त भारत के लक्ष्य को बनाए रखा जा सकता है। सभी अभिभावकों से आग्रह है कि वे अपने बच्चों के स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए अभियान में सक्रिय सहयोग दें। अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। पल्स पोलियो अभियान सुबह 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक निकटतम पोलियो बूथ पर चलाया जाएगा।