रिकांगपिओ (किन्नौर)। मेरा युवा भारत (एमवाई भारत), जिला किन्नौर ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रिकांगपिओ में विकसित भारत युवा संवाद-अपना वोट जानें कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में युवाओं को मतदान अधिकारों पर जागरूक किया। इसके अलावा चुनाव प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में आईटीआई के प्रधानाचार्य अरविंदर कुमार, एनएसएस नोडल अधिकारी डॉ. यशवंत राणा, थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और जिला युवा अधिकारी शुभम चंद्रन विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं, थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि नशे का असर व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी पड़ता है।