ई-कार्ट बागा सराहन मैदान से बश्लेउ दर्रा पास तक किए जाएंगे संचालित
विज्ञापन
बागा सराहन में इको टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-1 अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के सामाजिक कार्य कर रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को 2 ई-कार्ट (4 सीटर और 6 सीटर) की खरीद के लिए कुल 21.39 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान की। यह राशि परियोजना प्रमुख सुनील चौधरी ने वन मंडलाधिकारी आनी को उनके कार्यालय लूहरी में प्रदान की है। ये दोनों ई-कार्ट बागा सराहन मैदान से बश्लेउ दर्रा पास तक लगभग पांच-छह किलोमीटर में संचालित किए जाएंगे, जिससे जिला कुल्लू के निरमंड ब्लॉक के अंतर्गत बागा सराहन में इको टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। यह ई-कार्ट इको टूरिज्म सोसाइटी बागा सराहन की ओर से संचालित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त इस पहल से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर सृजित होंगे। हिमाचल प्रदेश के इस क्षेत्र में प्राकृतिक सौंदर्य को बढ़ावा देने की आपार संभावनाओं को देखते हुए हाल ही में वन विभाग ने बागा सराहन से बश्लेउ दर्रा तक अग्रेंजों के समय में बने ब्राइडल पाथ की मरम्मत कर उसपर ई-कार्ट चलाने का फैसला लिया था। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रबंधक (विद्युत) यादविंद्र सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) राजेंद्र सिंह और सहायक प्रबंधक (सिविल/सीएसआर) लेखराज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। - संवाद