बिजली बोर्ड को सबसे अधिक एक करोड़ 80 लाख रुपये का नुकसान
वैकल्पिक व्यवस्थाओं को बनाने में जुटे विभाग के अधिकारी और कर्मचारी
बीरबल नेगी
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले में बर्फबारी ने खासा नुकसान पहुंचाया है। बर्फबारी के कारण अभी भी जिले के हजारों लोगों की दुश्वारियां बरकरार हैं। बर्फबारी और भूस्खलन के कारण जहां सड़कें अभी भी बंद हैं, वहीं बिजली और पानी की समस्या भी बनी हुई है। जिले में बर्फबारी से विभिन्न विभागों को 5.24 करोड़ की क्षति पहुंची है। सभी विभागों ने नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त किन्नौर को आगामी कार्रवाई के लिए भेजी है। गौर हो कि बीते सप्ताह में किन्नौर जिले में भारी बर्फबारी हुई है। इस कारण यातायात, पेयजल और विद्युत आपूर्ति की समस्या अभी भी बनी हुई है। बर्फबारी के कारण जिले के तीनों खंडों में बिजली की लाइनों को भारी क्षति पहुंची थी। जिले के पूह खंड के अधिकांश इलाके अभी भी अंधेरे में डूबे हुए हैं। जिले में कुल 100 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। इस कारण पूह खंड के हजारों लोग परेशानी झेल रहे हैं। जिले में बिजली बोर्ड को कुल 1.80 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसमें से 80 लाख की क्षति विद्युत बोर्ड की लाइनों के टूटने से हुई है, जबकि बोर्ड के इलेक्ट्रिकल सिस्टम विंग को पूह कंडे में 66 केवी टावर क्षतिग्रस्त होने से करीब एक करोड़ रुपये की क्षति पहुंची है।
जल शक्ति विभाग रिकांगपिओ को करीब 1.20 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बर्फबारी से क्षेत्र की 44 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। जल शक्ति विभाग को पूह में करीब 34 लाख रुपये की क्षति पहुंची है। यहां 18 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। विभाग ने अस्थायी रूप से पेयजल आपूर्ति कर लोगों को राहत पहुंचाई है। लोक निर्माण विभाग को कल्पा, पूह और निचार खंड में करीब 1.40 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा चौरा से लेकर पोवारी तक एनएचएआई को करीब 50 लाख की क्षति हुई है। विभागों ने नुकसान की रिपोर्ट तैयाार कर उपायुक्त किन्नौर को भेजी है।
-बिजली बोर्ड रिकांगपिओ के एक्सईएन टाशी नेगी और इलेक्ट्रिकल सिस्टम विंग के एक्सईएन बीरबल नेगी ने बताया कि बर्फबारी के कारण विद्युत लाइनों और टावर को क्षति पहुंची है। बोर्ड के अधिकारी और कर्मचारी विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटे हुए हैं।
-लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन डीके सेन और आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि बर्फबारी और भूस्खलन से विभाग को 1.40 करोड़ की क्षति पहुंची है। नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त किन्नौर को भेजी गई है।
- संवाद