बुद्धि सिंह ठाकुर को नित्थर प्रोजेक्ट प्रभावित क्षेत्र में शामिल करवाने का दिया श्रेय
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। लूहरी जलविद्युत परियोजना से प्रभावित पंचायतों के मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आनी के अध्यक्ष गोविंद शर्मा ने विधायक लोकेंद्र कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें परियोजना प्रभावित पंचायतों के मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय लोगों के अधिकारों के लिए सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
गोविंद ने सवाल उठाया कि यदि विधायक लोकेंद्र कुमार को प्रभावित पंचायतों की समस्याओं की इतनी चिंता है, तो उन्होंने पिछले चार वर्षों में इस मुद्दे को प्रमुखता से क्यों नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि अब नित्थर में बैठक करने की पहल करना कई सवाल खड़े करता है।
गोविंद शर्मा ने नित्थर पंचायत को परियोजना प्रभावित क्षेत्र में शामिल करवाने का श्रेय हिमाचल प्रदेश मिल्कफेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर को देते हुए कहा कि इस दिशा में उनका अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित पंचायतें अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने में सक्षम हैं और उन्हें अपनी मांगों को लेकर संघर्ष करने का पूरा अधिकार है।
उन्होंने विधायक से आग्रह किया कि वे इस विषय पर राजनीतिक बयानबाजी से बचें और प्रभावित पंचायतों के अधिकारों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक भूमिका निभाएं।