डीपीएफ कडोल में अवैध कटान कर काटे गए थे देवदार और कायल के पेड़
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। जुब्बल के झड़ग में डीपीएफ कडोल सी 19ए में पेड़ों के अवैध कटान का मामला सामने आया है। वन विभाग ने वनकाटु से 21 लट्ठे बरामद कर लिए हैं। उससे दो लाख रुपये का जुर्माना भी वसूल किया है। आरोपी पर केस दर्ज करवाया गया है। वन विभाग को कुछ दिन पहले अवैध कटान की सूचना मिली। वनकाटु का पता लगाने और चोरी की लकड़ी को बरामद करने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया। वन विभाग ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज की जांच की। स्थानीय निवासियों के बयान दर्ज किए गए। साथ ही विभिन्न स्रोतों से खुफिया जानकारी इकट्ठी की गई। इसके बाद सारी गांव में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान वन विभाग की टीम का नेतृत्व वन रक्षक रणधीर ब्राकटा और पंकज ने किया, रेंज अधिकारी जुब्बल राजीव कुमार के पर्यवेक्षण में कार्यरत हैं। सर्च अभियान के दौरान सारी गांव में आरोपी इशाक नाम के व्यक्ति के पास से अवैध रूप से काटी गई लकड़ी बरामद की गई। जब्त की गई लकड़ी में 17 देवदार के लट्ठे (लगभग 1.5 घन मीटर) और चार कायल के लट्ठे (लगभग 0.3 घन मीटर) शामिल हैं। इसमें भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपी से कुल दो लाख की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की है। डीएफओ रोहड़ू रविशंकर शर्मा ने बताया कि वन कर्मियों की कड़ी मेहनत के कारण दोषी को पकड़ा गया है। चोरी की गई लकड़ी को भी बरामद किया गया है।
सारी गांव से बरामद की गई अवैध रुप से काटी गई लकड़ी के साथ वन विभाग की टीम। संवाद