leopard attacke on bike rider in dalash luhari road
दलाश (कुल्लू)। आनी उपमंडल की दलाश-लूहरी सड़क पर जाजर के समीप दिन दहाड़े बाइक पर सवार पर तेंदुआ झपट पड़ा। गनीमत रही कि युवक किसी तरह से तेंदुए के हमले में बच गया लेकिन इस घटना से क्षेत्र के लोग सहमे हुए हैं। लोगों ने वन विभाग से पिंजरा स्थापित कर तेंदुए को पकड़ने की बात कही है।
दलाश-लूहरी सड़क पर रोजाना हजारों लोग सफर करते हैं। मार्ग पर रोजाना सैकड़ों वाहनों का आना-जाना लगा रहता। वहीं ग्रामीण पैदल भी सड़क से आवाजाही करते हैं। घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है कि एक युवक बाइक पर लूहरी से दलाश की ओर आ रहा था। इसी बीच जब वह जाजर के पास पहुंचा तो अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। गनीमत रही कि बाइक सवार युवक तेंदुए के इस हमले से बाल-बाल बच गया।
लोगों ने बताया कि इन दिनों बरसात का मौसम होने के कारण सड़क के दोनों और लंबी-लंबी घास उगी है, ऐसे में अचानक जंगली जानवर वाहनों के आगे आ जाते हैं। लोक निर्माण विभाग अगर सड़क के किनारे उगी घास को काट लेता है, तो लोगों को बचाव करने में आसानी रहेगी। दलाश पंचायत प्रधान सत्येंद्र शर्मा, उपप्रधान सोहनी राम राठी, बीडीसी अध्यक्ष विजय कंवर सहित अन्य ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की कि जहां-जहां इन दिनों तेंदुए दिख रहे हैं, वहां पर पिंजरे स्थापित कर तेंदुए को पकड़ा जाए।
उन्होंने ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए विभाग से पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। वन विभाग के आरओ किशोरी लाल ने कहा कि जहां तेंदुए दिखे तो तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दें।