किन्नौर जिला की ग्राम पंचायत रिब्बा में विधिक जागरूकता शिविर में मौजूद ग्रामीण। स्त्रोत जनसंपर्
ग्राम पंचायत रिब्बा में विधिक जागरुकता शिविर आयोजित
पंचायतों के लगभग 90 लोगों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
पूह (किन्नौर) । राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने पूह की रिब्बा पंचायत में एक दिवसीय विधिक जागरुकता शिविर लगाया। शिविर में लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, मध्यस्थता, वायु एवं जल प्रदूषण, मौलिक अधिकारों और निशुल्क कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी गई। शिविर में स्थानीय पंचायत के 90 लोगों ने भाग लिया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश किन्नौर स्थित रामपुर बुशहर मदन कुमार ने जागरुकता शिविर की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि निशुल्क कानूनी सेवाओं का तात्पर्य समाज के उन गरीब और कमजोर वर्गों को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करना है, जो आर्थिक रूप से सक्षम नहीं हैं। कोई भी गरीब व कमजोर वर्ग का व्यक्ति टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क कर निशुल्क कानूनी सहायता के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकता है। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं एसीजीएम किन्नौर जितेंद्र कुमार ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि महिला और बच्चे, अनुसूचित जाति-जनजाति के लोग, औद्योगिक कामगार, बड़े पैमाने पर आपदा, हिंसा, बाढ़, सूखा, भूकंप व औद्योगिक आपदा से पीड़ित, विकलांग व्यक्ति, हिरासत में व्यक्ति, वे व्यक्ति जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक नहीं है, मुफ्त कानूनी सेवाएं प्राप्त करने के लिए पात्र व्यक्तियों में शामिल हैं। इस अवसर पर लोगों को 10 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान बतौर संसाधन व्यक्ति सहायक उपनिरीक्षक पुलिस थाना मुरंग अमर सिंह, हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रामपुर बुशहर से अभियंता लोकेश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।