निरमंड के ठारला स्कूल के समीप झुका देवदार का पेड़ हादसों को दे रहा न्योता। संवाद
स्कूली बच्चे और राहगीर खतरे में, तत्काल कार्रवाई की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। वन मंडल लूहरी बीट ठारला के राजकीय माध्यमिक पाठशाला के पास एक देवदार का पेड़ स्कूली बच्चों के लिए खतरा बन गया है। तेज हवा के दौरान यह पेड़ कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़ी दुर्घटना का अंदेशा है। सड़क के किनारे स्थित यह देवदार का पेड़ करीब 120 डिग्री नीचे झुक गया है। इससे सड़क मार्ग पर चलने वाले छोटे और बड़े वाहनों पर भी खतरा मंडरा रहा है। स्कूली बच्चों के साथ बस अड्डे की ओर पैदल जाने वाले लोग भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। ग्रामीण भी इसी रास्ते से अपने पशुओं को जंगल ले जाते हैं। ठारला निवासी सर्वदयाल ठाकुर ने कहा कि अंधड़ आने से कभी भी अनहोनी हो सकती है। उन्होंने वन विभाग के बीट वनरक्षक और उच्च अधिकारियों से मामले का तुरंत संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने इस खतरनाक पेड़ को हटाने या सुरक्षित करने की अपील की है। स्थानीय लोगों ने भी इस मुद्दे पर चिंता व्यक्त की है।