रामपुर बुशहर। बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व गायक कैलाश खैर अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में दर्शकों को नचाएंगे। 11 से 14 नवंबर तक होने वाले मेले की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए स्टार कलाकार का चयन कर लिया गया है। इस बार कैलाश खैर आकर्षण का केंद्र रहेंगे। सांस्कृतिक संध्याओं के लिए दूसरे कलाकारों के चयन की प्रक्रिया अभी चल रही है। मेले का खास पहलु यह भी रहेगा कि इस बार इसका लाइव प्रसारण यू-ट्यूब पर किया जाएगा। ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि मेले का प्रसारण यू-ट्यूब पर होगा। अंतरराष्ट्रीय लवी मेला के नाम से चैनल भी प्रशासन की ओर से बनाया गया है। कलाकारों के चयन के लिए लंबी माथापच्ची के बाद प्रशासन की ओर से स्टार नाइट के लिए कलाकार का नाम फाइनल कर दिया गया है। अल्लाह के बंदे, तेरी दिवानी, र्सइंया सहित कई सुपरहिट गीत गा चुके कैलाश खैर के नाम पर सहमति बन गई है। पद्म छात्र स्कूल परिसर में सांस्कृतिक संध्याएं होनी हैं। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही कि सांस्कृतिक संध्याओं के दूसरे कलाकारों के नाम भी फाइनल कर लिया जाएंगे। मेले की तैयारियों को लेकर नगर परिषद और मेला कमेटी जोरशोर से जुटी है।
---
एनएच-पांच पर आज, मेला
मैदान में 7 से प्लॉट आवंटन
मेले के लिए कारोबारियों को आज से प्लॉट का आवंटन शुरू किया जाएगा। एनएच-5 पर यह प्रक्रिया शुरू होगी। मेला कमेटी और नगर परिषद की ओर से प्लॉटों का आवंटन किया जाना है। रामपुर के पुराने बस अड्डे से लेकर मेला मैदान के मुख्यद्वार तक प्लॉट दिए जाएंगे। प्लाटों को विभिन्न वर्गों में बांटा गया है। इधर, मेला मैदान में सात नवंबर को प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी।
---
वहीं इस मौके पर मेला कमेटी सचिव और एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने बताया कि लवी मेले की स्टार नाइट के लिए बॉलीवुड गायक कैलाश खैर का चयन कर लिया गया है, अन्य कलाकारों का चयन भी जल्द किया जाएगा। लवी मेले का इस वर्ष यू-ट्यूब पर लाइव प्रसारण किया जाएगा। एनएच पर आज से प्लॉट आवंटित होंगे।