रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में प्लॉट आवंटन में पारदर्शिता और स्टालों की सबलेटिंग को रोकने के लिए मेला कमेटी इस वर्ष एक विशेष कमेटी का गठन करेगी। इस वर्ष केवल एक आधार कार्ड धारक को केवल एक ही दुकान मिल पाएगी और उसे ही दुकान या स्टॉल पर बैठना होगा। वरना सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मेले में सजने वाली दुकानों के आवंटन सहित अन्य प्रक्रियाओं में इस वर्ष सुधार के कमेटी ने आश्वासन दिए हैं। मेला कमेटी नगर परिषद के साथ मिलकर प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया करवाता है। इस बार इन दुकानों पर नजर बनाए रखने के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा। यह कमेटी सभी दुकानों में जाकर संबंधित दुकानदारों को थमाई गई रसीदों की जांच करेगी। रामपुर में मेले के आयोजन को लेकर सदस्यों ने कई तरह के सुझाव मेला कमेटी को दिए, जिसमें पांच बजे के बाद प्लॉट आवंटित न करने, प्लॉट आवंटन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सहित अन्य पहलुओं को लेकर अपने सुझाव दिए।
एसडीएम रामपुर एवं मेला कमेटी सचिव नरेंद्र चौहान ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को लेकर सरकार और डीसी ने निर्देश जारी किए हैं, जिसके तहत 11 से 30 नवंबर तक ही मेला मैदान में दुकानें सज पाएंगी। एक दिसबंर को कॉलेज मैदान को पूरी तरह से खाली कर दिया जाएगा। मेले में प्लॉट आवंटन और स्टॉलों की सबलेटिंग को रोकने के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा।
मेले में मरीजों को न हो परेशानियां
बैठक के दौरान पंचायत समिति अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने मामला उठाया कि मेले के दौरान शिमला, आउटर सिराज और अन्य क्षेत्रों से खनेरी अस्पताल आने वाले मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी समस्याएं पेश आती हैं। उन्होंने मेला कमेटी और पुलिस प्रशासन से मरीजों की सुविधा को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में उचित सुधार की मांग की है।