HARIKRISHAN SHARMA4:22 PM (34 MINUTES AGO)TO MEराणाबाग में पहाड़ी दरकी, सड़क का नामोनिशान
सेब की छह हजार पेटियां फंसीं, राशन भी खत्म होने के कगार पर
क्षेत्र की छह पंचायतों की जनता पर टूटा मुसीबतों का पहाड़
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। उपमंडल आनी के राणाबाग क्षेत्र में भूस्खलन से लोगों पर मुसीबतों का पहाड़ टूटा है। सड़क के करीब 300 मीटर हिस्से का नामोनिशान मिट गया है। यह सड़क 21 अगस्त से ही बाधित चल रही थी। बीच-बीच में लोक निर्माण विभाग ने इसे बहाल भी किया, लेकिन अब भूस्खलन से पूरी पहाड़ी ही सड़क पर गिर गई है। इस कारण क्षेत्र की छह पंचायतों के साथ-साथ मंडी जिले के सराज विस की कई पंचायतों का संपर्क कट गया है। महज एकमात्र सड़क से अब पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। राणाबाग सड़क दो जिलों कुल्लू और मंडी को जोड़ने वाला एकमात्र मार्ग है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क सुविधा न होने से न सिर्फ मरीजों को अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो गया है, बल्कि बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित हो रही है। बुजुर्गों और महिलाओं को कई किलोमीटर तक पैदल सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। सबसे बड़ी चिंता सेब बागवानों की है। क्षेत्र में सेब की करीब आठ हजार पेटियां फंस गई हैं। यदि यह सड़क जल्द बहाल नहीं हुई तो इन्हें मंडियों तक पहुंचाना असंभव होगा। बागवानों का कहना है कि सेब समय पर मंडियों तक न पहुंचा, तो उन्हें करोड़ों रुपये का नुकसान झेलना पड़ेगा। दूसरी ओर ग्रामीणों के घरों में खाद्यान्न भी अब समाप्ति के कगार पर पहुंच गया है। प्रभावित पंचायतों में कुल्लू जिले की करशेईगाड, फनौटी, लगौटी, टकरासी, मुहान, बिश्लाधार और मंडी जिले की बोहली पंचायत प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन पंचायतों के लोगों का कहना है कि सरकार ने अब तक स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं। स्थानीय प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार से इस समस्या को गंभीरता से लेने की मांग उठाई है। बीडीसी सदस्य पूर्ण शर्मा, जोत राम, पंचायत प्रधान संतोष ठाकुर, दौलत राम, नरेंद्र कटोच, सुरेंद्र ठाकुर, दया राम, ज्वाला दास, संजय कुमार, शेर सिंह ठाकुर, चंद्र देव, महेंद्र माही, कुमार सिंह, कुशाल वर्मा, ठाकुर दास वर्मा, तमेश शर्मा, शिवराज शर्मा, टेक सिंह और रामकृष्ण भारती सहित तमाम लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से गुहार लगाई है कि राणाबाग सड़क को बहाल करने के लिए विशेष पैकेज घोषित किया जाए ताकि हजारों ग्रामीणों और किसानों-बागवानों को राहत मिल सके। उधर, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ मनीष का कहना है कि राणाबाग में सड़क को भारी नुकसान हुआ है। यहां सुरक्षा दीवार लगाने के लिए एस्टीमेट भेज दिया है। सड़क को बहाल करने के प्रयास तेज किए जाएंगे।