सेरीपुल में दो सप्ताह बाद सडक़ बहाली के बाद शुरू हुई वाहनों की आवाजाही। संवाद
मार्ग बहाली के बाद हजारों ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
अब सेरी खड्ड से सुरक्षा दीवार लगाएगा लोक निर्माण विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर की चार पंचायतों के हजारों लोगों को लाभान्वित करने वाली तकलेच देवठी सड़क अब यातायात के लिए बहाल हो गई है। सेरीपुल में दो सप्ताह से बाधित सड़क पर अब वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। गौर हो कि तकलेच देवठी मार्ग पर सेरीपुल के पास वर्षों से भूमि धंसने का सिलसिला जारी है। हर वर्ष बरसात के मौसम में यहां भूमि धंसने का सिलसिला शुरू हो जाता है। सड़क धंसने से कई कई दिनों तक यातायात ठप रहता है। इस कारण क्षेत्र के बागवानों को हर वर्ष अपनी फसल मंडी पहुंचाने में खासी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। लोक निर्माण विभाग आज दिन तक यहां समस्या का स्थायी समाधान नहीं ढूंढ पाया है।
इस दिनों मार्ग के बार-बार बाधित होने से देवठी, कूहल, मुनिश और काशापाट पंचायत के हजारों लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। बीते दो सप्ताह से बाधित मार्ग मंगलवार देर शाम को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। इसके बाद अब मार्ग पर बड़े और छोटे वाहनों की बराबर आवाजाही हो रही है। मार्ग बहाली के बाद हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है। बताते चलें कि सेरीपुल में भूमि धंसने की समस्या से निजात पाने के लिए अब लोक निर्माण विभाग गंभीर हो गया है। विभाग की ओर से अब सेरी खड्ड से ही सुरक्षा दीवार लगाने का कार्य किया जाना प्रस्तावित है। मौसम अनुकूल होते ही विभाग प्राथमिकता के आधार पर यहां खड्ड किनारे से सुरक्षा कार्य शुरू करेगा, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को सुचारु यातायात की सुविधा मिल पाएगी।
सेरीपुल में सड़क यातायात के लिए बहाल कर दी है। अब मार्ग पर वाहनों की बराबर आवाजाही हो रही है। मौसम अनुकूल होते ही विभाग सेरी खड्ड से सुरक्षा दीवार लगाकर समस्या का स्थायी समाधान करेगा।
- एसके नेगी, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग रामपुर
सेरीपुल में दो सप्ताह बाद सडक़ बहाली के बाद शुरू हुई वाहनों की आवाजाही। संवाद