रास्ते क्षतिग्रस्त, सीवरेज पाइप नहीं दबाए, स्ट्रीट लाइटों ने तोड़ा दम
पार्क, न पार्किंग और न ही कोई खेल मैदान
हजारों लोगों को झेलनी पड़ रही परेशानियां
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नगर परिषद रामपुर के वार्ड नंबर आठ चूहाबाग के बाशिंदे मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। वार्ड के कई क्षेत्रों में रास्तों की हालत दयनीय है, वहीं बिछाई गई सीवरेज पाइपलाइन भी पूरी तरह से जमीन में नहीं दबाई गई है।
स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। इससे अंधेरे में राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं। वार्ड क्षेत्र में न तो कोई पार्क है, जहां बच्चे, बुजुर्ग और अन्य लोग बैठ या टहल सकें, और न ही खेल मैदान की सुविधा है। ऐसे में बच्चों और युवाओं के लिए खेलकूद गतिविधियों में भाग लेना भी मुश्किल हो रहा है।
नगर परिषद रामपुर की ओर से विकास के दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर कई स्थानों पर लोग अब भी मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहे हैं। रास्ते ठीक नहीं हैं, स्ट्रीट लाइटें खराब हैं और सीवरेज पाइपलाइन का काम अधूरा है। लोग लंबे समय से इन सुविधाओं का इंतजार कर रहे हैं।
वार्ड आठ के निवासी आरपी नेगी युल्लाम का कहना है कि सीवरेज पाइपलाइन को पूरी तरह जमीन में नहीं दबाया गया है। स्ट्रीट लाइटें भी खराब पड़ी हैं। अंधेरे में लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है, खासकर मरीजों के तीमारदारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटें लगी ही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि नगर परिषद को इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना चाहिए।
वार्ड निवासी हर्षित थुरक्यान ने बताया कि क्षेत्र में पार्किंग की सुविधा नहीं है, जिसके चलते लोग सड़क किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर हैं और इससे वाहनों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि पार्क की सुविधा भी नहीं है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को बैठने के लिए स्थान नहीं मिल पाता।
रामपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर आठ निवासी आरपी यूलाम। संवाद
रामपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर आठ निवासी आरपी यूलाम। संवाद