आनी (कुल्लू)। देवताओं के आगमन के साथ ही कुंगश में तीन दिवसीय 20आषाढ़ मेले का आगाज हुआ। इस दौरान आराध्य पनेऊई नाग और झाकडू नाग देवता की भव्य शोभा यात्रा भी निकाली गई। क्षेत्र के लोगों ने देवताओं के दर्शन के साथ ही सुख समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।
मेले के दौरान वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, सरस्वती विद्या मंदिर कुंगश, जेपीएन पब्लिक स्कूल, महिला मंडल बगाश, बौनाली माहुवी, मुंडदल और जेहरा महिला मंडलों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर खूब वाहवाही लूटी। मेले के शुभारंभ अवसर पर खंड विकास अधिकारी बबनेश चड्ढा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
उन्होंने क्षेत्र की जनता को मेले की शुभकामनाएं दी और प्रशासन की ओर से मेले के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। मेला कमेटी अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि मेले में इस वर्ष करीब 60 महिला मंडल प्रस्तुति देंगे। मेले में दो सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन भी किया जा रहा है। पहली सांस्कृतिक संध्या में हनी नेगी, ममता भारद्वाज, सुकेती नाटी किंग पाल सिंह धमाल मचाएंगे।
दूसरी सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल के लोक गायक विक्की चौहान और तांत्रा ब्वॉयज सहित लोकल गायक प्रस्तुतियां देंगे। मेले में रस्साकशी और वॉलीबाल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा। खंड विकास अधिकारी ने कराणा-1 पंचायत के स्वयं सहायता समूह मांहुनाग और स्वयं सहायता समूह शमशरी महादेव द्वारा लगाई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
इस मौके पर एपीएमसी अध्यक्ष अमर ठाकुर, लोनिवि एसडीओ ज्ञान भारती, कुंगश स्कूल के प्रधानाचार्य निर्मल कुमार, वेद ठाकुर, विनय ठाकुर और धर्मवीर ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।