कोटखाई निवासी निखिल गांगटा ईनाम लेते हुए।
धर्मशाला में हुई टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में हमीरपुर की टीम को हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। हिमाचल प्रदेश अंतर जिला वरिष्ठ टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ के धर्मशाला स्थित मैदान में हुई। इसमें कोटखाई के निखिल गांगटा ने नाबाद शतकीय पारी खेलकर मैच को जीतने अहम भूमिका निभाई। फाइनल मैच शिमला और हमीरपुर के बीच खेला गया। इसमें शिमला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शिमला ने निर्धारित 20 ओवर में अभिमन्यु सिंघा के 103 और निखिल गांगटा के नाबाद 100 रनों की मदद से 243/3 रन बनाए। हमीरपुर की ओर से गौरव व रोहित ने गेंदबाजी करते हुए 1-1 विकेट लिए। जवाब में हमीरपुर की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.3 ओवर में 174 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। हमीरपुर की ओर से अभिमन्यु राना ने 47 रन और अंकित ने 40 रन बनाए। शिमला की ओर से नवीन, आदित्य ने 3-3 विकेट और अक्षय चौहान ने 2 विकेट लिए। इस तरह शिमला ने 69 रन से फाइनल मैच जीत लिया। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से एचपीसीए के सचिव अवनीश परमार, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह, निदेशक एचपीसीए सुरेंद्र ठाकुर और प्रेम ठाकुर ने खिलाड़ियों को इनाम बांटे। विजेता टीम को एक लाख नकद सहित ट्रॉफी दी गई और रनरअप टीम हमीरपुर को 75,000 नकद और ट्रॉफी दी गई। फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच निखिल गांगटा रहे और मैन ऑफ द सीरीज हमीरपुर के कप्तान एकांत सेन रहे।