राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र नगान में लटका ताला
भवन के अभाव में निजी मकान के कमरे में चल रहा स्वास्थ्य केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई(रोहड़ू)। कोटखाई उपमंडल के नगान पंचायत में राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक साल से ताला लटका हुआ है। लोगों को घरद्वार स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए खोला गया स्वास्थ्य केंद्र सफेद हाथी साबित हो रहा है। स्वास्थ्य केंद्र बंद होने से वहां रखी दवाइयां भी खराब हो चुकी हैं। नगान में करीब 75 लाख रुपये की लागत से स्वास्थ्य केंद्र का भवन बनना प्रस्तावित था। इसके लिए पूर्व सरकार ने 22 लाख रुपये बजट का प्रावधान किया था। स्थानीय निवासी नंद लाल चौहान ने भवन निर्माण के लिए चार बिस्वा भूमि दान दी थी। आज तक भवन निर्माण का टेंडर तक नहीं लगा। आज भी स्वास्थ्य केंद्र निजी घर के कमरे में चल रहा है। नगान पंचायत प्रधान रोशन लाल चौहान, बबलू देवा, गोविंद राजटा, दयांनद चौहान, अनिल हागटा, विक्की चौहान, सुनील चौहान, विशाल भिकटा, यशपाल, रिकी राजटा,सालिग राम, सुरेश, कृष्ण लाल, सुनील बामटा ने कहा कि पूर्व सरकार में दिवंगत विधायक नरेंद्र बरागटा ने इस आयुर्वेदिक भवन के लिए पहली किस्त 22 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की थी। 75 लाख रुपये की लागत से दो मंजिला भवन बनना था, लेकिन अभी तक इस स्वास्थ केंद्र का टेंडर नहीं लगा है। निजी घर के कमरे में खोले गए स्वास्थ्य केंद्र में एक साल से ताला लटका हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों ने सरकार व विभाग से अनुरोध किया है कि स्वास्थ केंद्र में जल्द से जल्द डॉक्टर की तैनाती की जाए। साथ ही भवन का निर्माण शीघ्र करवाया जाए।
डेपुटेशन पर दे रहे थे सेवाएं
आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र रावलाक्यार में तैनात डाॅ. पंकज ने बताया कि दो साल तक वह स्वास्थ्य केंद्र में डेपुटेशन पर थे। अभी वहां कोई भी तैनात नहीं है। शीघ्र ही स्वास्थ्य केंद्र में विभाग की ओर से चिकित्सक की तैनाती की जाएगी।