कोटखाई बाजार की सड़क बदहाल। संवाद
सड़क पर बह रहा निजी घरों से निकलने वाला पानी, राहगीरों की बढ़ीं दुश्वारियां
संवाद न्यूज एजेसी
कोटखाई( रोहड़ू)। कोटखाई बाजार की मुख्य सड़क की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा सड़क पर पानी की उचित निकासी की व्यवस्था न होने के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे सड़क और अधिक क्षतिग्रस्त हो रही है। स्थानीय निवासी राजेंद्र कुमार, दीपेश नेक्टा, जगदीश चौहान, दिलीप चौहान और गोविंद ने बताया कि छोल से लेकर कोटखाई बस अड्डे तक सड़क की स्थिति बेहद खराब है। सड़क पर बने गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं, वहीं कई निजी भवनों से निकलने वाला पानी सीधे सड़क पर बह रहा है। पानी की निकासी के लिए कोई उचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर गंदगी और जलभराव बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार सड़क पर पानी भरा रहने से सड़क की परतें उखड़ रही हैं और सड़क तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि निजी भवनों से सड़क पर आ रहे पानी की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोगों ने संबंधित विभाग से आग्रह किया है कि आम जनता की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोटखाई बाजार की इस सड़क की जल्द मरम्मत करवाई जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।