संवाद न्यूज एजेंसी
रोहडू़। सब्जी मंडी रोहडू़ में आढ़ती द्वारा अवैध वसूली की शिकायत करने पर आढ़ती ने बागवान का भुगतान रोक दिया। इसको लेकर संयुक्त किसान मंच के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को मंडी में पहुंचकर जोरदार हंगामा किया। इसके बाद आढ़ती ने बागवान को चेक जारी किया।
शेखल गांव निवासी बागवान बीर सिंह ने 24 जुलाई को रोहडू़ की सब्जी मंडी में आढ़ती के पास नब्बे पेटी सेब बेचा था। इसमें आढ़ती ने बागवान से सेब की बिक्री पर तीस रुपए प्रति पेटी अवैध वसूली की जबकि नियमों के तहत सात रुपये से अधिक की वसूली नहीं की जा सकती है। इसको देखते हुए बागवान ने दो अगस्त को एसडीएम रोहडू़ के पास इस संबंध में शिकायत की।
आढ़ती को जब इसकी सूचना मिली तो उसने बागवान को डराना-धमकाना शुरू किया। इसके बाद छह अगस्त को बागवान के बिक्री पर्चे पर आढ़ती ने लाल पेन से पेड लिख लिया। 12 अगस्त को बागवान बीर सिंह ने इसकी फिर लिखित शिकायत एसडीएम रोहडू़ से की। इसमें उसने बताया कि उसको डराया धमकाया जा रहा है और आढ़ती ने भुगतान करने से भी मना कर दिया है।
इसके बाद शुक्रवार को रोहडू़ में संयुक्त किसान मंच की जेल भरो आंदोलन को लेकर बैठक आयोजित हुई। इसकी जानकारी मंच के पदाधिकारियों को चली तो उन्होंने पहले एसडीएम कार्यालय में इस संबंध में ज्ञापन सौंपा और इसके बाद सब्जी मंडी रोहडू़ पहुंचकर पूरे मामले पर आपत्ति जताई।
इसके बाद आढ़ती ने संयुक्त किसान मंच के दबाव डालने पर बागवान को करीब डेढ़ लाख रुपए की राशि का चेक से जारी की। संयुक्त किसान मंच के संयोजक हरीश चौहान, सह संयोजक संजय चौहान ने कहा शिकायत के बाद बागवानों को आढ़ती डरा-धमका रहे हैं। उनके दबाव में आढ़ती ने करीब डेढ़ लाख का चेक बागवान को जारी किया है। शिकायत के बाद सरकार इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही।