रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर में 12 से 15 मार्च तक बर्फबारी और बारिश की चेतावनी दी गई है। इसको देखते हुए उपायुक्त किन्नौर तोरुल एस रवीश ने बताया कि लोगों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाने की हिदायत दी है।उपायुक्त किन्नौर ने कहा कि चेतावनी के बाद भी कई लोग पहाड़ी क्षेत्रों में चले जाते हैं, जिससे वह स्वयं की जान जोखिम में डाल देते हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार इस समय अवधि में जिले में भारी बारिश और बर्फबारी हाे सकती है। इसको मद्देनजर रखते हुए सभी नागरिक एवं पर्यटक अधिक ऊंचाई वाले इलाको में ट्रैकिंग न करें। साथ ही अपने घरों में सुरक्षित स्थानों पर रहें। उन्होंने सभी ग्राम पंचायत प्रधानों, गैर सरकारी संगठनों, ट्रैकर्स और नागरिकों से आग्रह किया है कि इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा या घटना की स्थिति में लोग जिला आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 8580819827, 9459457587, 01786-223155,51,52,53, 54 एवं टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचित कर सकते हैं।