पिछले साल शादी और त्योहार के सीजन में 18 सड़क हादसों में 21 लोगों ने गंवाई जान
विज्ञापन
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर पुलिस ने जिले में हादसों को रोकने के लिए नई पहल शुरू की है। सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस जगह-जगह नाके लगाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नकेल कसेगी। पुलिस की योजना के तहत सितंबर से लेकर नंवबर तक जिले के जिस गांव में शादी होगी, वहां पुलिस शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसेगी। त्योहार और शादियों के सीजन के लिए किन्नौर पुलिस ने विशेष योजना तैयार की है। पिछले साल सितंबर, अक्तूबर और नवंबर में सड़क हादसों के 18 मामले दर्ज किए गए। इसमें 21 लोगों ने जान गंवाई। इसमें सामने आया कि अधिकतर हादसों में वाहन सवार शादी समारोहों के लिए जा रहे थे या फिर लौटकर आ रहे थे और अधिकतर हादसे शराब पीकर वाहन चलाने से हुए हैं। इसके चलते पुलिस ने निर्णय लिया है कि इस बार जिस गांव में शादी होगी, वहां पुलिस नाका लगाएगी। जिला पुलिस ने स्थानीय महिला मंडलों और पंचायत प्रधानों से भी अपील की है कि वे अपने गांव में शादियों के दौरान वाहन चालकों पर नजर रखें और लोगों को जागरूक करें। पुलिस अधीक्षक जिला किन्नौर अभिषेक एस ने बताया कि अब किन्नौर में शादी सीजन शुरू हो गया है। पिछले साल इन तीन माह में 21 लोगों ने अपनी जान गवाई है। अब पुलिस जिस स्थान या गांव में शादी हो रही है, वहां लगा रही है ताकि कोई भी चालक शराब पीकर वाहन न चलाए। इस प्रकार से सड़क दुर्घटना में कमी लाई जा सकती है।
कार्रवाई
नशे की हालत में वाहन चलाने वाले पर धारा 185 मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत कार्रवाई की जाती है। साथ ही 10 हजार रुपये जुर्माना और छह माह तक की कैद का प्रावधान है।