ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देलठ में आयोजित ननखड़ी जोन अंडर-14 छात्र एवं छात्रा खेल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खुन्नी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। खिलाड़ियों ने चार अलग-अलग स्पर्धाओं में उपविजेता का खिताब हासिल किया है। विद्यालय की ओर से प्रतियोगिता में महज 10 खिलाड़ी मैदान में उतरे। कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और योग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया और चारों स्पर्धाओं में उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से विद्यालय में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में आयुष, अंश मेहता, अद्विक श्याम, आरव, गर्विक, अंश, भाविक, पीयूष, मोरया और अद्विक शामिल रहे। स्कूल के प्रधानाचार्य परवीन कुमार पूरी ने सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और पर्याप्त खिलाड़ी संख्या मिलने पर वे भविष्य में इससे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।