ईडा के ऐतिहासिक प्रांगण में मुख्य अतिथियों के संग विजेता खिलाड़ी
संवाद न्यूज एजेंंसी
चौपाल (रोहड़ू )। ईडा-दरभाड़ के मैदान में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का छठा संस्करण संपन्न हो गया। नव युवक मंडल जोथरेऊ की ओर से आयोजित इस खेल कुंभ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त आनरेरी सूबेदार मेजर मस्त राम चौहान और अरुण खाग्टा ने किया। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, बैडमिंटन और रस्साकशी के कड़े मुकाबले देखने को मिले। पुरुष वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में खूंद नेवल जोथरेऊ की टीम विजेता बनी, जबकि रुद्रा अकादमी ऊना को उप विजेता का खिताब मिला। महिला वर्ग की रस्साकशी में महिला मंडल देवत ने प्रथम स्थान हासिल किया और महिला मंडल ईडा उपविजेता रही। बैडमिंटन (सिंगल) फाइनल मुकाबले में यमुनानगर (हरियाणा) के अभिषेक ठाकुर ने विजेता का खिताब जीता और अभिषेक छिंटा दूसरे स्थान पर रहे। बैडमिंटन (डबल) में अभिषेक ठाकुर और अभिषेक छिंटा की जोड़ी ने जीत दर्ज की। मोंटी समरा और सुरेश पंवार उप विजेता रहे। समापन समारोह में जगदीश चौहान, यशपाल गोयल और समाजसेवी दिशु तंगडाईक सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की। मुख्य अतिथि ने विजेताओं को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार बांटे। उन्होंने ग्रामीण स्तर पर आयोजित होने वाली इस प्रकार की स्पर्धाओं को युवाओं के लिए अहम बताया।