एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर मरम्मत की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी कस्बे से सटे खोड़बा कॉलोनी के निवासी इन दिनों भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। कॉलोनी को एनएच-305 और आनी बाजार से जोड़ने वाला खोड़बा पुल पूरी तरह जर्जर हो चुका है। इस पुल पर रोजाना करीब 86 परिवारों के लगभग 1200 निवासी कामकाज, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए आवाजाही करते हैं, लेकिन यह पुल कभी भी टूट सकता है। इस समस्या को लेकर अधिवक्ता रूपेंद्र सिंह ठाकुर ने एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट को मांगपत्र सौंपा है, जिसमें मांग उठाई है कि पुल पर रखी लकड़ी की बल्लियां पूरी तरह सड़-गल चुकी हैं और पुल किसी भी समय टूट सकता है। लोहे का ढांचा भी जंग खा चुका है। रोजाना छात्र इसी पुल से होकर स्कूल जाते हैं। कई लोग नौकरी और व्यापार के लिए आनी बाजार तक पहुंचते हैं। मांग उठाई है कि खोड़बा में एक स्थायी और सुरक्षित पुल का निर्माण किया जाए। जब तक नए पुल का निर्माण नहीं किया जाता है, तब तक इस जर्जर पुल की मरम्मत की जाए।