जगातखाना(रामपुर बुशहर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खरगा में आयोजित छात्रा वर्ग की अंडर-14 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर केंद्र मुख्य शिक्षक पलस राम ठाकुर बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे।
समापन समारोह की अध्यक्षता प्रधानाचार्य रमेश चंद सांख्यान ने की। प्रधानाचार्य ने मुख्यातिथि को हिमाचली टोपी, मफलर पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
स्कूल के हिंदी प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा ने बताया कि खरगा में आयोजित अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में विकास खंड के 14 स्कूलों से आई 163 छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपने खेल का प्रदर्शन किया। मुख्यातिथि पलस राम ने समस्त छात्राओं को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से खेलों के प्रति कड़े परिश्रम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन निवास करता है। इस मौके पर स्थानीय विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर दर्शकों का मनोरंजन किया। अंत में मुख्य अतिथि ने एसएमसी अध्यक्ष, स्थानीय ग्राम पंचायत, महिला मंडलों और युवक मंडल का प्रतियोगिता के सफल समापन के लिए आभार प्रकट किया। स्कूल के कंप्यूटर शिक्षक अजीत डोगरा ने मंच संचालन किया।
तीन दिवसीय इस खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अरसू की टीम ने ओवरआल विजेता का खिताब अपने नाम किया। खो-खो में खरगा स्कूल ने प्रथम, कशोली ने द्वितीय, वॉलीबाल में अरसू प्रथम, बागीपुल स्कूल द्वितीय, कबड्डी में कशोली प्रथम, अरसू द्वितीय, बैडमिंटन एकल और युगल में समेज स्कूल प्रथम, कोयल द्वितीय, योगा में त्वार स्कूल प्रथम और समेज स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इस मौके पर खंड खेल प्रभारी मनिराम, एसएमसी अध्यक्ष सुभाष ठाकुर, शिक्षक दयानंद ठाकुर, महिला मंडल, युवक मंडल, स्थानीय विद्यालय और विद्यार्थियों के अभिभावक मौजूद रहे।