फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: आनी खंड की खनाग पंचायत निर्विरोध चयनित

विज्ञापन
विज्ञापन
आनी (कुल्लू)। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के तहत विकास खंड आनी में नाम वापसी के अंतिम दिन रूठने और मनाने का दौर दिनभर जारी रहा। कई स्थानों पर सहमति बनने से उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए, जबकि कुछ पंचायतों में सहमति नहीं बन पाने के कारण मुकाबला बरकरार रहा। अंतिम दिन चुनावी सरगर्मियां पूरे दिन चरम पर रहीं और प्रत्याशियों के समर्थकों की आवाजाही भी लगातार बनी रही। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत सभी 36 पंचायतों, 15 पंचायत समिति वार्डों और दो जिला परिषद वार्डों के चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए हैं। साथ ही अब क्षेत्र में चुनाव प्रचार ने भी रफ्तार पकड़ ली है। नाम वापसी के अंतिम दिन पंचायत सदस्य, उपप्रधान और प्रधान पद के कई उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस लिए। वहीं, पंचायत समिति के लिए कुल 11 नामांकन वापस हुए, जबकि जिला परिषद के बखनाओ वार्ड और लझेरी वार्ड से एक-एक उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस लिया। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम आनी लक्ष्मण कनेट ने बताया कि विकास खंड की ग्राम पंचायत खनाग निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुई है। उन्होंने कहा कि अब सभी पंचायतों में पंचायत सदस्य, उपप्रधान और प्रधान पदों के लिए उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके अलावा सभी 15 पंचायत समिति वार्डों के लिए कुल 60 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे, जबकि जिला परिषद के बखनाओ वार्ड से चार और लझेरी वार्ड से तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमाएंगे। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनावों के लिए मतदान 26, 28 और 30 मई को संपन्न होगा। मतदान दल 24 मई को आनी से अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं और चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों से आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। चुनाव से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 01904-299014 जारी किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें