पशाडा में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीम मुख्यातिथि के साथ। स्रोत : क्लब
. मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को 1 लाख नकद राशि से किया सम्मानित
. बंटी चुने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, अविनाश सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। युवक मंडल पशाडा की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी पर काओबिल की टीम ने कब्जा जमाया। प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला काओबिल और मेजबान टीम पशाडा के मध्य खेला गया। पशाडा ने पहले खेलते हुए आठ ओवर में 75 रन बनाए। जवाबी पारी खेलने उतरी काओबिल टीम ने छह ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने पर बंटी बलादू को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से सम्मानित किया गया। वहीं, अविनाश वर्मा को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, बंटी बलादू को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, भूपेश शांटी को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर और ऋतिक शांटी को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्र रक्षक चुना गया। मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को 1 लाख रुपये नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया। उपविजेता टीम को 50 हजार और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष दीप कुमार बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। शहरी युवा मोर्चा रामपुर के अध्यक्ष भूपेश शर्मा, उपाध्यक्ष शुभम चौधरी, सराहन मंडल अध्यक्ष अशोक मेहता, महामंत्री रामपुर सूर्यांश सोनी और उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। यहां पहुंचने पर मुख्य अतिथि का आयोजक कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और देश के विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संगठित और जागरूक युवा ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।